उरई,जालौन। उत्तर प्रदेश शासन के स्थानांतरण आदेश के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुची वर्मा ने गुरुवार को जिला अस्पताल उरई में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।
पदभार संभालने के बाद उन्होंने नेत्र चिकित्सालय के समस्त स्टाफ से परिचयात्मक बैठक की और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
डॉ. सुची वर्मा ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमएस (ऑप्थैल्मोलॉजी) तथा लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त की है। इससे पहले वह जिला अस्पताल बांदा में तैनात थीं, जहां उन्होंने मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों के सैकड़ों सफल ऑपरेशन कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। वह पूर्व में राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भी सेवाएं दे चुकी हैं। ऐसे में उनके दोबारा उरई आने से मरीजों और स्वास्थ्य विभाग को काफी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि अब मोतियाबिंद, ग्लूकोमा (कालापानी) और आंखों की अन्य जटिल बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। जिला अस्पताल में उनके कार्यभार ग्रहण करने को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ जालौन ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों के मरीजों को भी मिलेगा।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जालौन।
📲7526086812

