उरई।यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित तथा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली 15 बसों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे परमिट, फिटनेस, बीमा, कर जमा प्रमाण पत्र एवं पंजीयन प्रमाण पत्र आदि अद्यतन रखें। साथ ही बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों, जैसे फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।एआरटीओ (प्रवर्तन) ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए परमिट निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी वाहन स्वामी एवं चालक की होगी।उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बिना वैध दस्तावेजों अथवा परमिट शर्तों के विपरीत संचालित वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।