उरई। जनपद जालौन में मिलावटी खाद्य पदार्थों और तंबाकू मिश्रित सुपाड़ी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर बुधवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने उरई शहर में छापेमारी कर कार्रवाई की।खाद्य विभाग की टीम ने अजनारी बाईपास स्थित लल्लाधाम के पास श्री बालाजी ट्रेडर्स पर पहुंचकर प्रो. मनोज कुमार अग्रवाल के यहां से सुगंधित सुपाड़ी “महाशिव गोल्ड” का नमूना संग्रहित किया। इसके बाद टीम ने कुईया रोड उरई स्थित प्रो. संजय राजपूत के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए “भोला शंकर” ब्रांड स्वादिष्ट सुपाड़ी का नमूना लिया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि जिले में तंबाकू मिश्रित और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न बाजारों में लगातार निरीक्षण और नमूना अभियान जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव और सुनील कुमार सहित विभागीय टीम मौजूद रही।

रिपोर्ट-अमित कुमार उरई जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।