अमेठी जनपद से साइबर अपराध का एक मामला सामने आया है, जहाँ एक छात्रा को ऑनलाइन स्कैम के बाद साइबर ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाया गया। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने पहले उसके खाते में पैसे भेजे और फिर एआई तकनीक से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए उससे धन की मांग शुरू कर दी।

अमेठी कोतवाली अंतर्गत पीड़िता प्रिंसी सिंह लखनऊ में रहकर पढ़ाई के साथ सर्विस की तैयारी कर रही है। छात्रा के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके फोन-पे अकाउंट पर एक अज्ञात नंबर से 1200 रुपये भेजे गए। इसके बाद कॉल कर पैसे वापस मांगे गए, जिसे उसने तुरंत लौटा दिया।
इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर छात्रा को लगातार धमकाया जाने लगा। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने उसकी तस्वीरों को एआई की मदद से अश्लील रूप में तैयार कर लिया और उन्हें परिजनों को भेजने की धमकी देते हुए पैसों की मांग करने लगे। इस दौरान गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया।
लगातार मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

इस संबंध में साइबर सेल प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हो गई है। मोबाइल फोन की जांच की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।