यमुना एक्सप्रेस वे पर सोमवार की आधी रात से वाहनों की गति कम हो जाएगी। अब एक्सप्रेस वे पर अगर कार को 80 किमी/घंटा से अधिक दौड़ाया तो आपका चालान कट जाएगा। एक्सप्रेस वे पर सामान्य दिनों में हल्के वाहनों को 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से दौड़ाया जा सकता है। यह फैसला कोहरा और ठंड को देखते हुए लिया गया है।

यमुना एक्सप्रेस वे पर सामान्य दिनों में हल्क वाहनों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय है। इससे अधिक दौड़ाने पर वाहनों का चालान किया जाता है। ठंड और कोहरा में गति अधिक होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। अब ठंड और कोहरा शुरू हो गया है। कोहरे के चलते दृश्यता कम हो जाती है। दृश्यता कम होने से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। इसके चलते यमुना एक्सप्रेस वे पर गति कम कर दी गई है।