नलकूप चालकों में  516 महिला अभ्यर्थियों की भी हुई है नियुक्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को एक बड़ी राहत दी है। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। नलकूप चालकों की नियुक्ति का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के 3209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र सौंपें। महिला सशक्तीकरण को सार्थकता देते हुए इन 3209 नलकूप चालकों में से 516 महिला अभ्यर्थियों की भी नियुक्ति की गई है।

नलकूप चालकों की नियुक्ति से नलकूप का संचालन और रखरखाव आसान होगा। इससे किसानों को सुचारू रूप से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। नलकूप में किसी प्रकार की खराबी आने पर उसे समय से ठीक कराया जा सकेगा। इसके लिए किसानों को बेवजह परेशान नहीं होना पड़ेगा।

प्रदेश में सिंचाई (यांत्रिक) विभाग में 34,401 राजकीय नलकूपों के संचालन के लिए 73 नलकूप अनुरक्षण खंड हैं, जिनमें नलकूप चालकों के कुल 18811 पद स्वीकृत हैं। अभी तक स्वीकृत पदों के सापेक्ष मात्र 9198 नलकूप चालकों के कार्यरत होने के कारण प्रत्येक नलकूप चालक को करीब चार नलकूपों के संचालन को देखना पड़ता था, इससे किसानों को बड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन विभाग में 12407 नलकूप चालकों की उपलब्धता से अब एक नलकूप चालक दो से तीन नलकूपों के संचालन के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे सिंचाई सुविधा का लाभ बेहतर प्रबंधन और सुगमता से किसानों को दिया जा सकेगा।

*व्यूरो रिपोर्ट लखनऊ से soni news के लिए देवेन्द्र प्रताप सिंह*