उरई(जालौन)। जनपद के नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों से जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना से कार्य करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन को अधिक जवाबदेह, प्रभावी और संवेदनशील बनाया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद के विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी उरई कुमार उत्तम, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार उरई jnp

