उरई (जालौन)। कोविड-19 महामारी के दौरान कोविड-19, ईसीआरपी-1 एवं विभिन्न वित्तीय स्रोतों से कार्यरत रहे अस्थायी, अल्पकालिक, संविदा एवं आउटसोर्स मानव संसाधन में शामिल ऐसे कोविड कर्मियों, जो किसी कारणवश अटेंडेन्स मैनेजमेंट सिस्टम (एएमएस) ऐप पर पंजीकृत नहीं हो सके थे, उनके दस्तावेजों का सत्यापन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के 12 अगस्त 2026 के पत्र के क्रम में यह प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके लिए संबंधित सभी कोविड कर्मियों को 7 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।
सत्यापन के दौरान कोविड कर्मियों को समस्त मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल आधार कार्ड एवं पैन कार्ड, बैंक द्वारा प्रमाणित बैंक स्टेटमेंट (कार्य की गई अवधि का), कोविड काल में आउटसोर्स एजेंसी द्वारा जारी मूल नियुक्ति पत्र तथा सक्षम अधिकारी सीएमओ/सीएमएस अथवा अन्य सक्षम अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रारूप पर जारी मूल अनुभव प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही उपरोक्त सभी मूल दस्तावेजों की दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी। सीएमओ ने सभी संबंधित कोविड कर्मियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण कराने की अपील की है।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जलौन उत्तर प्रदेश

