उरई (जालौन)।जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। खनिज, परिवहन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जालौन कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास अभियान चलाकर 10 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा। जांच के बाद संबंधित वाहनों पर 10 लाख 60 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान खनिज लेकर आने-जाने वाले भारी वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की।वाहनों में लदे खनिज की मात्रा का मिलान उपलब्ध अभिलेखों और निर्धारित क्षमता से किया गया।जांच में 10 ट्रकों में क्षमता से अधिक खनिज पाए जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।अचानक हुई इस कार्रवाई से खनिज कारोबार से जुड़े वाहन संचालकों में खलबली मच गई।अधिकारियो ने स्पष्ट किया कि खनिज का परिवहन केवल वैध प्रपत्रों और निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन स्वामियों के खिलाफ जुर्माने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों से सड़कों की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही पुल-पुलियों पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है। इसके अलावा भारी वाहनों के कारण यातायात संचालन प्रभावित होने और सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है।अवैध अथवा अनियमित खनिज परिवहन से सरकारी राजस्व को होने वाली क्षति को देखते हुए भी निगरानी बढ़ाई गई है।प्रशासन की ओर से जिले के प्रमुख खनिज परिवहन मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संयुक्त टीमें संदिग्ध वाहनों की जांच कर दस्तावेज, खनिज की मात्रा और परिवहन संबंधी अनुमति का सत्यापन कर रही हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी औचक जांच का सिलसिला जारी रहेगा।बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास हुई इस कार्रवाई को ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा lजा रहा है।पकड़े गए वाहनों के विरुद्ध आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।प्रशासन ने दो टूक कहा है कि नियमों से खिलवाड़ करने वाले खनिज कारोबारियों और वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जालौन।

