उरई (जालौन)।कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का स्थापना दिवस बुधवार को जनपद जालौन में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित आधार सेवा केंद्र सहित विभिन्न जनसेवा केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सीएससी संचालकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामीण नागरिकों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रबंधक आलोक पाल, सौरभ कुमार तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से केक काटकर किया। इस दौरान सीएससी के माध्यम से संचालित विभिन्न डिजिटल सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, डिजिलॉकर, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल शिक्षा, बैंकिंग सेवाओं सहित अन्य ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई।वक्ताओं ने कहा कि सीएससी ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।जिला प्रबंधक आलोक पाल एवं सौरभ कुमार ने सभी सीएससी संचालकों को अपने-अपने केंद्रों पर स्थापना दिवस मनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सीएससी केवल डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने का भी प्रभावी माध्यम बन चुका है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान को साकार करने में सीएससी के डिजिटल सिपाही अहम भूमिका निभा रहे हैं। आज कॉमन सर्विस सेंटर गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाकर ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।