जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,
जनपद जालौन,राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार व उ0प्र0 राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ के संयुक्त तत्वाधान में जनपद की कालपी तहसील के पीला घाट पर बाढ़ आपदा को लेकर राज्य स्तरीय माॅकड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

माॅकड्रिल के दौरान राज्य आपदा मोचन बल व पी0ए0सी0 की फ्लड बटालियन द्वारा संयुक्त रुप से बाढ़ के कारण नाव पलटने व लोगों के डूबने की घटना का प्रदर्शन किया गया, जिसमें होमगार्ड, क्षेत्रीय आपदा मित्रों द्वारा भी सहभागिता की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान यह परिदृश्य तैयार किया गया कि नदी में यात्रियों से भरी एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे कई व्यक्ति जल में डूबने लगे। सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।

Img 20260612 wa0004

रेस्क्यू टीमों द्वारा मोटरबोट एवं लाइफ सेविंग उपकरणों की सहायता से पानी में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए एम्बुलेंस के माध्यम से निकटतम चिकित्सा केंद्र भेजा गया। मॉक ड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम से समन्वय, घटनास्थल प्रबंधन, खोज एवं बचाव कार्य, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सहायता तथा राहत कार्यों की प्रक्रियाओं का सफल परीक्षण किया गया।

मॉकड्रिल स्थल पर उपस्थित अपर जिलाधिकारी (वि/रा) राजीव राज द्वारा मॉक ड्रिल की सराहना की गई तथा कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि जलाशयों, नदियों एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

Img 20260612 wa0006

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कालपी अमित शेखर, जिला आपदा विशेषज्ञ अचल श्रीवास्तव, डिप्टी कमांडेंट CISF, चिकित्सा अधीक्षक, फायर सेफ्टी ऑफिसर व अन्य उपस्थित रहे।