0 चोरी के शक में दबंगों का मासूमों पर टूटा कहर
हमीरपुर। जिले के थाना सुमेरपुर के भौंरा गांव में चोरी के शक में दबंगों ने दो मासूम बच्चों को निर्वस्त्र करके अमानवीय यातनाएं दी। पहले उन्हें जानवरों की तरह पीटा। फिर प्राइवेट पार्ट पर ब्लेडों से वार किए। इतने पर भी दिल नहीं भरा तो इन्हें गांव के कुएं में हाथ बांधकर लटका दिया और यमुना नदी में डुबो-डुबोकर पीटा। घटना 20 अप्रैल को हुई। इस मामले की सूचना पर यूपी 100 की टीम गांव भी पहुंची थी। जिसके बाद थाने से आरोपियों के खिलाफ 151 की कार्रवाई कर पल्ला झाड़ लिया गया। यातनाओं से बुरी तरह से खौफजदा मासूमों के परिजनों ने शुक्रवार को उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई। 
भौंरा गांव निवासी रामखिलावन अहिरवार के पुत्र रीशू (11) और विजय निषाद (9) के ऊपर डीजे की मशीन चोरी करने का आरोप लगा था। जिसके बाद इस चोरी का माल बरामद करने के चक्कर में गांव के दबंगों ने 20 अप्रैल को दोनों बच्चों को पकड़ लिया। इसके बाद इन्हें अमानवीय यातनाएं देने का सिलसिला शुरू हुआ। पीड़ित के पिता रामखिलावन ने बताया कि इन दबंगों ने पहले दोनो ंबच्चों को जमकर पीटा। बाद में इनके प्राइवेट पार्ट पर ब्लेडों से वार किए। जिससे बच्चे लहूलुहान हो गए। इसके बाद इन दोनों को गांव के एक कुएं में निर्वस्त्र कर लटका दिया गया। बाद में गांव से बहने वाली यमुना नदी में ले जाकर दोनों को डुबो-डुबोकर पीटा गया। इतना सब कुछ हो जाने के बाद रीशू के पिता ने यूपी 100 को सूचना दी। गांव पहुंची यूपी 100 की टीम कुछ लोगों को उठाकर थाने भी ले गई थी। जिसके बाद पुलिस ने इन आरोपियों का 151 में चालान कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। 

Soni news के लिए जनपद हमीरपुर से शशिकांत शंखवार