गोवर्धन। थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव भगोसा में रविवार सुबह खेत में स्थित कुएं से 34 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भगोसा निवासी मोनू फौजदार पुत्र किशन सिंह के रूप में हुई है। मोनू 14 अगस्त से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी थाना गोवर्धन में दर्ज कराई थी। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि युवक 14 अगस्त से लापता था, जिसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज है। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर खेत में स्थित कुएं में मिला। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार मोनू वृंदावन स्थित एयरटेल कंपनी में कार्यरत था और इन दिनों छुट्टी पर था। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व गांव के ही कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। बाद में मामला शांत करा दिया गया था। इसके बाद मोनू अचानक लापता हो गया था। रविवार सुबह करीब सात बजे खेत में स्थित कुएं में मोनू का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका दावा है कि युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मोनू की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
व्यूरो रिपोर्ट:SONI NEWS के लिये जनपद मथुरा से रामकुमार शर्मा गोवर्धन

