जनपद जालौन से खास खबर
📌 वैदिक कॉलेज में सजा रोजगार का मंच, 1510 युवाओं ने आजमाई अपनी प्रतिभा
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, उरई द्वारा दयानन्द वैदिक कॉलेज के मुख्य परिसर में वृहद रोजगार मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। मेले में लगभग 1510 युवाओं एवं रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिनमें से विभिन्न नियोजक संस्थाओं द्वारा 962 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी समीर एवं मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न नियोजक संस्थाओं के स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी ली।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विधायक विनोद चतुर्वेदी ने युवाओं को कौशल विकास के साथ उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी परिवर्तन एवं प्रतिस्पर्धा का युग है। युवाओं को परंपरागत शिक्षा के साथ कंप्यूटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी अर्जित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शासन की रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी योग्यता के अनुरूप अवसरों का चयन करने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश चंद्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्र ने रोजगार मेले के उद्देश्यों एवं सेवायोजन विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अभ्यर्थियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, आईटीआई प्रधानाचार्य मानसिंह भारती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थी उपस्थित रहे।


