📌सेंट डोमिनिक स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, टैंक चौराहे पर नुक्कड़ नाटक से दिया बाल सुरक्षा का संदेश

Img 20260930 wa0020

मथुरा। पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रति विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करने के लिए बुधवार को सेंट डोमिनिक स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद टैंक चौराहे पर वृंदावन लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बाल सुरक्षा और अधिकारों का संदेश दिया। सेंट डोमिनिक स्कूल में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी।

Img 20260930 wa0025

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक व्यक्ति को कानून की दृष्टि से बच्चा माना जाता है और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने के लिए पॉक्सो अधिनियम बनाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुचित घटनाओं के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने का आह्वान किया।

Img 20260930 wa0019

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने कहा कि असहज या असुरक्षित स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए। उन्हें अभिभावक, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से अपनी बात साझा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उपलब्ध है। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-रेलवे सूर्यभान कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।