उरई (जालौन)। नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने शनिवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं एवं आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। अभियान के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों और जनपद की उपलब्धियों को प्रमाणिक रूप से सामने लाने पर विशेष जोर रहेगा।बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम, त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था, साप्ताहिक समीक्षा, डेटा संकलन एवं डिजिटलाइजेशन की व्यवस्था की गई है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजे दीप प्रज्वलन, रक्तदान एवं दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम होंगे। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण, डिबेट एवं प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा और विकास की कहानी पहुंचाई जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों, आशा दीदियों एवं माताओं का सम्मान, स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता और पोषण सामग्री वितरण किया जाएगा।

इसी क्रम में ‘सेवा की कहानी’ के तहत लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों पर 60 सेकंड की रील तैयार कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, जल संरक्षण, साइबर एवं सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, पोषण, वोकल फॉर लोकल और गौशाला सेवा सहित विभिन्न गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम दो स्थलों का कायाकल्प और 25 मिनट श्रमदान का भी प्रावधान है। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अभियान की व्यापक मीडिया कवरेज, सफलता की कहानियों, रील्स, लेख-साक्षात्कार और सोशल मीडिया प्रचार की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनभागीदारी और सेवा भावना का व्यापक स्वरूप दें, ताकि सेवा, सुशासन एवं विकास का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके।

रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार उरई जनपद जालौन।