प्रतिभागियों को वितरित किए गए पौधे और पेंसिल कलर्स
सीएसए परिसर और काॅरिडोर-2 डिपो में कानपुर मेट्रो अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

कानपुर मेट्रो ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनजीओ ‘मां तुझे सलाम‘ के साथ मिलकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने बड़ा चैराहा स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रभावशाली चित्र बनाए। इसके बाद बच्चों ने अपने चित्र हाथों में लेकर मेट्रो से यात्रा की और यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों को कानपुर मेट्रो की विश्वस्तरीय सुविधाओं, विशेषताओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त, कानपुर मेट्रो अधिकारियों ने सीएसए परिसर तथा काॅरिडोर-2 डिपो में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एनजीओ से जुड़े बच्चे आज सुबह लगभग 11ः00 बजे गीता नगर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां मेट्रो अधिकारियों ने उन्हें कानपुर मेट्रो द्वारा अपनाए गए पर्यावरण हितैषी अभ्यासों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि जीरो कार्बन एमिशन वाली मेट्रो प्रणाली अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों की तुलना में पर्यावरण की सबसे अच्छी मित्र है। इसके बाद बच्चे गीता नगर स्टेशन से मेट्रो राइड करते हुए बड़ा चैराहा स्टेशन पहुंचे। कई बच्चों के लिए अंडरग्राउंड मेटो में यह पहली यात्रा थी, जिसे लेकर उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला।

बड़ा चैराहा स्टेशन पर बच्चों को कानपुर मेट्रो की ओर से चित्र बनाने के लिए रंगीन पेंसिलें उपलब्ध कराई गईं। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का परिचय देते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुंदर एवं प्रभावशाली चित्र बनाए। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को कानपुर मेट्रो की ओर से वृक्षारोपण के लिए पौधे वितरित किए गए। मेेटो से वापस गीता नगर स्टेशन लौटते समय बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छोटे-छोटे बच्चों से जागरूकता संदेश पाकर यात्री भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके।

मेट्रो अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कानपुर मेट्रो के परियोजना निदेशक श्री अरविंद मीणा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सीएसए परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अभियान के अंतर्गत लगभग 150 पौधे लगाए गए। वहीं, कानपुर मेट्रो के निर्माणाधीन काॅरिडोर-2 डिपो में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सिग्नलिंग विभाग के अपर महाप्रबंधक श्री दीपक पांडेय सहित कानपुर मेट्रो एवं कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

