उरई (जालौन)। शासन द्वारा नियुक्त जनपद के नोडल अधिकारी एवं सचिव, कृषि विभाग उत्तर प्रदेश शासन श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में विभागवार प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर की ढिलाई अब स्वीकार्य नहीं होगी।
नोडल अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और पूर्ण रूप से पात्र लाभार्थियों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा उदासीनता को गंभीर प्रशासनिक चूक माना जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।
फैमिली आईडी योजना की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शेष पात्र परिवारों की आईडी शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान निधि योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना तथा टूल किट वितरण में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति में देरी छात्रों के भविष्य को प्रभावित करती है, इसलिए विश्वविद्यालयों व शिक्षण संस्थानों से समन्वय बनाकर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कराया जाए। डे-एनआरएलएम योजना एवं आरएससीआईएफ से जुड़े कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति न होने पर अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं आबकारी विभाग की कम राजस्व प्रगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने कहा कि अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगी। सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों, गुणवत्ता एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराए जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि जन-जागरूकता से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुँच सकता है।
बैठक में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जिला विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अमित कुमार उरई जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

