कालपी (जालौन)।आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने कालपी विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।सोमवार को पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में वीरपाल सिंह चौहान को कालपी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की गई। सम्मेलन में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसपा के बुंदेलखंड प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी विजय प्रताप ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी के संगठन के लिए महत्वपूर्ण रहा है। जालौन जनपद के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी पार्टी को मजबूती देने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए गांव-गांव और बूथ स्तर तक संपर्क बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व में पार्टी को प्रदेश की सत्ता में चार बार सरकार बनाने का अवसर मिला। अब पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कालपी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी वीरपाल सिंह चौहान के समर्थन में संगठन को मजबूत करने की अपील की।
विजय प्रताप ने कहा कि बहुजन समाज के हितों और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी और नीले झंडे को संगठन की पहचान बताते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने लखनऊ में पिछले अक्टूबर में हुए बसपा के बड़े कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें भारी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। उनके अनुसार इससे पार्टी के संगठनात्मक आधार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रदर्शन हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग दलों में गए पूर्व बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर उनके बीच असंतोष की स्थिति दिखाई दे रही है।
बसपा बुंदेलखंड कोऑर्डिनेटर लालाराम अहिरवार ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
सम्मेलन में बसपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जालौन।