उरई (जालौन)।प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार की शाम जालौन जनपद ने दीपों की रोशनी में एक अलग ही तस्वीर पेश की। ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दीप जलाए गए। प्रशासन के अनुसार इस दौरान 5 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, जनसहभागिता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने अपने घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान में भागीदारी की।
पचनद में माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन के साथ जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित किए। जालौन तालाब पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा तथा कालपी में विधायक विनोद चतुर्वेदी ने दीप जलाए। उरई में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी ने कार्यक्रम में सहभागिता की। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
जिले के प्रमुख मंदिरों, नदी घाटों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों को दीपों से सजाया गया। कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस थानों, विकासखंड कार्यालयों, नगर निकाय कार्यालयों और पंचायत भवनों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने भी अभियान को जनअभियान का रूप देते हुए शाम सात बजे अपने घरों में दीप जलाए। आंगनबाड़ी केंद्रों, राशन की दुकानों, शिक्षण संस्थानों और वृद्धाश्रम सहित विभिन्न स्थानों पर भी लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।एक ही समय पर हजारों स्थानों पर जगमगाए दीपों से पचनद से लेकर कालपी और जालौन तक रोशनी की श्रृंखला नजर आई। आयोजन ने जिले में सेवा, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजित सिंह सेंगर, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

