उरई/जालौन।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को झांसी रोड स्थित इंडियन बैंक की मुख्य शाखा के समक्ष बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एक दिवसीय हड़ताल कर विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए और 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर केंद्र सरकार एवं बैंक प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से कार्य-दबाव, बढ़ती जिम्मेदारियों और सीमित अवकाश के कारण मानसिक एवं शारीरिक तनाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाना कर्मचारियों के हित में आवश्यक है, जिससे कार्यक्षमता एवं सेवा गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
इस अवसर पर सुरेश चंद यागिक, जिला मंत्री, इंडियन बैंक जालौन ने कहा कि देश के अधिकांश सरकारी एवं निजी संस्थानों में 5 दिवसीय कार्य प्रणाली पहले से लागू है, लेकिन बैंक कर्मचारी आज भी इससे वंचित हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार एवं बैंक प्रबंधन द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
एक दिवसीय हड़ताल के कारण जिले की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे खाताधारकों को नकद निकासी, जमा एवं अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

