जालौन। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने पर कोंच ब्लॉक के पिंडारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार राजपूत को उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।आयुष्मान योजना के जनपदीय कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आशीष ने बताया कि कोंच ब्लॉक में 97 प्रतिशत लाभार्थी परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो जनपद के औसत 93 प्रतिशत तथा प्रदेश के औसत 89 प्रतिशत से काफी अधिक है। इसी प्रकार व्यक्तिगत आयुष्मान कार्ड निर्गमन में भी कोंच ब्लॉक 66 प्रतिशत के साथ जनपद में प्रथम स्थान पर है।उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि पीएचसी पिंडारी के अंतर्गत संचालित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, संगिनी, आशा कार्यकर्ता, पंचायत सहायकों, कोटेदारों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी है।वहीं आयुष्मान योजना में खराब प्रगति पाए जाने पर रामपुरा, कूठोंद, माधोगढ़ एवं कदौरा ब्लॉक के चिकित्सा अधीक्षकों को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह द्वारा सख्त चेतावनी पत्र जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है, जिसके अंतर्गत जनपद में अब तक 93 प्रतिशत परिवारों को कवर किया जा चुका है तथा 63 प्रतिशत सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। कदौरा ब्लॉक में लगभग 30 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जाना अभी शेष है। सभी संबंधित ब्लॉक टीमों को कार्ययोजना बनाकर शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट -अमित कुमार उरई जनपद जालौन उत्तर प्रदेश

