जनपद जालौन
जिलाधिकारी चाँदनी सिंह ने केम्प कार्यालय व कलेक्ट्रेट परिसर में झंडा फहराया महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। स्कूल की छात्र-छात्राओं द्वारा रघुपति राघव राजा राम गीत प्रस्तुत किया गया। सत्य अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद भर में धूमधाम से मनाई गई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिन देश के दो महान विभूतियों के जन्मदिन के तौर पर इतिहास के पन्नों में दर्ज है राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन उनकी राजनीतिक सरगर्मियां और त्याग एवं बलिदान पर भी प्रकाश डाला। महात्मा गांधी जी के उत्कृष्ट विचारों ने देश को आजाद फिजा में सांस लेने का अवसर प्रदान किया और सिर्फ यही नहीं बल्कि इसके बाद भी उनके विचारों ने स्वतंत्र भारत को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचार त्याग एवं बलिदान को भी सराहा और कहा कि उनकी सादगी और विनम्रता के लोग कायल थे भारत-पाक युद्ध के दौरान दिया गया जय जवान जय किसान का नारा आज के परिप्रेक्ष्य में भी बिल्कुल सटीक और सार्थक है। उनका कहना था कि वह महात्मा गांधी जी के आदर्शों पर चलने वाले देश के सबसे बड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में एक थे जो गांधी के मशहूर कथन बुरा मत कहो, बुरा मत सुनो, बुरा मत देखो पर शख्ती के साथ अमल करते रहे। उन्होंने देश को अंग्रेजी साम्राज्य के चुंगल से आजाद कराने के लिए अनेकानेक आंदोलन किए और देश को आजादी दिलाई। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर हम गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारलें तो निश्चित रूप से हमें किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पूनम निगम, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोती लाल यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।