
उरई(जालौन)।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर जनपद जालौन में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसी संदर्भ में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निर्देशित किया कि जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 26 मई 2025 को अपराह्न 12:00 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत उरई तथा जिला पंचायत राज अधिकारी जालौन को नामित किया गया है।
कार्यक्रम में सांसद, पूर्व सांसद, समस्त एम०एल०सी०, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण, पूर्व विधायक, क्षेत्रीय मंत्रीगण, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका/नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधानों को आमंत्रित किया जाएगा।
खंड स्तरीय कार्यक्रम 28 व 29 मई 2025 को सभी विकास खंडों में आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के लिए खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि इन आयोजनों में महिला प्रधान, महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, महिला कोटेदार, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य बुद्धिजीवी महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रेरणादायक जीवन यात्रा से सभी लाभान्वित हो सकें।