जिले के रसूलाबाद पुलिस के एक दरोगा को लेने के देने पड़ गए। जब महिला ग्राम प्रधान ने महिलाओं की भीड़ के साथ जमकर हंगामा काटते हुए रसूलाबाद बेला मार्ग जाम कर दिया। महिलाओं का आक्रोश देख पुलिस प्रशासन के भी पसीना छूट गया। दरअसल बताया गया कि दरोगा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उसरी ग्राम प्रधान किरन सिंह ने सैकड़ों महिलाओं को लेकर ट्रेक्टर ट्राली को रोड पर तिरछी खड़ी करा रोड जाम कर दिया और सभी महिलाएं धरने पर बैठ गयी। जिसके कारण 2 घण्टे तक रसूलाबाद वेला मार्ग अवरूद्ध हो गया। इसके चलते सैकड़ों वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। जिसके चलते यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। रोड जाम का नेतृत्व कर रही ग्राम प्रधान किरन सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया है कि हल्का इंचार्ज दरोगा रामवीर विकास कार्यों में प्रयोग हो रही मिट्टी के डलवाने में भी धन की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह कार्य जनपद के जिलाधिकारी के निर्देश पर कराए जा रहे है। मामले के संबंध में उन्होंने बताया कि गांव में एक सड़क निर्माण में मिट्टी भराव का कार्य चल रहा है। जिसमें हल्का के दरोगा रामवीर ट्रैक्टर ट्राली को पकड़कर ड्राइवर से 5000 रुपये मांगने लगे। जब उन्होंने दरोगा से बात की तो वह अभद्रता पर उतर आए और मुकदमा लिखने की धमकी देकर चले गए। उन्होंने बताया कि दरोगा के इस बर्ताव से वह क्षुब्ध हो गई है। इससे महिलाओं के साथ वह सड़क पर उतर आईं। जब उनसे जाम खोलने के लिए कहा गया तो उनका कहना था कि जाम तब तक नहीं खुलेगा। जब तक दरोगा को रसूलाबाद से हटा नहीं दिया जाता। जाम की सूचना पर रसूलाबाद के कोतवाल जाम स्थल पर पहुंच गए हैं और उनके आश्वासन पर जाम 2 घण्टे बाद खोल दिया गया। जिसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।